साइबर अपराधों से बचाव के प्रति किया जागरूक, पारिवारिक विवाद सुलझाने वाले दंपतियों का बढ़ाया सम्मान
सीतापुर। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सशक्तीकरण एवं अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को छात्राओं को करियर गाइडेंस देने के साथ ही पारिवारिक विवादों में आपसी सहमति से समझौता कर साथ रहने वाले दंपतियों को सम्मानित किया गया।
थाना नैमिषारण्य क्षेत्रांतर्गत राजकीय महिला महाविद्यालय, मिश्रिख में महिला थाना थानाध्यक्ष मधु यादव तथा मिशन शक्ति प्रभारी एवं कस्बा इंचार्ज प्रशांत सिंह द्वारा जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें छात्राओं को करियर गाइडेंस के साथ उच्च स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, शिक्षा, स्वावलंबन और उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया के खतरों, वित्तीय धोखाधड़ी और इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग के बारे में जानकारी दी गई। छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर उनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं, पुलिस लाइन स्थित दधीचि सभागार में परिवार परामर्श केंद्र के माध्यम से पारिवारिक विवादों का समाधान कर आपसी सहमति से दोबारा साथ रहने वाले दंपतियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान आपसी संवाद, समझदारी, सहिष्णुता और पारस्परिक सम्मान के महत्व पर जोर दिया गया। दंपतियों को परिवार में सुखद एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
सम्मानित दंपतियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि आपसी बातचीत, एक-दूसरे की भावनाओं को समझने और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने से पारिवारिक समस्याओं का समाधान संभव है। उन्होंने परामर्श प्रक्रिया और पुलिस के सहयोग के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा एवं करियर के प्रति जागरूक बनाने के साथ पारिवारिक विवादों को संवाद, परामर्श और आपसी सहमति के माध्यम से सुलझाकर परिवारों में स्थायी सौहार्द स्थापित करना है। इस दौरान जनपदीय पुलिस बल एवं मिशन शक्ति केंद्र की टीम मौजूद रही।
सीतापुर पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तीकरण के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।