मछरेहटा, सीतापुर। मछरेहटा स्थित रघुनंदन गेस्ट हाउस में बुधवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मिश्रिख विधायक रामकृष्ण भार्गव ने गणेश प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह में 238 जोड़ों का विवाह हिंदू और मुस्लिम रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया। इनमें 14 मुस्लिम जोड़ों का निकाह भी शामिल रहा।समाज कल्याण विभाग के अनुसार, मछरेहटा ब्लॉक से सर्वाधिक 80 जोड़े, मिश्रिख से 53, खैराबाद से 49, गोंदलामऊ से 37 तथा सीतापुर नगर पालिका क्षेत्र से 19 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। समारोह में हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कराया गया, जबकि मुस्लिम जोड़ों का निकाह सीतापुर से आए काजी ने संपन्न कराया।
इस अवसर पर विधायक रामकृष्ण भार्गव, जिला समाज कल्याण अधिकारी और ब्लॉक प्रमुख मिथलेश कुमारी ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया। समाज कल्याण विभाग की ओर से बारातियों और घरातियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। वहीं, नवदंपतियों को भोजन पैकेट के साथ उपहार किट भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि राजकुमार सोनी, मिश्रिख ब्लॉक प्रमुख रामकिंकर पांडे, विजय भार्गव, अजय भार्गव, रामगोपाल अवस्थी, राहुल सिंह, एडीओ पंचायत अवनीश कुमार, खंड विकास अधिकारी अरुण वर्मा, प्यारेलाल, शैलेन्द्र सहित ब्लॉक के अन्य कर्मचारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।