सीतापुर। कमलापुर थाना क्षेत्र के लोधौरा गांव में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फावड़े का बेंट (डंडेनुमा हिस्सा) भी बरामद किया है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, लोधौरा गांव निवासी मनोज (35) का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। इस दौरान गाली-गलौज की आवाज सुनकर दूसरे पक्ष के लोगों को लगा कि मनोज उन्हें गाली दे रहा है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने फावड़े के बेंट से मनोज के सिर पर बारी-बारी से प्रहार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पत्नी गुड़िया की तहरीर पर थाना कमलापुर में चार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले की जांच और साक्ष्यों के आधार पर शुभम सिंह, धीरेंद्र कुमार सिंह, कल्पना सिंह और सुनीता सिंह निवासी ग्राम लोधौरा, थाना कमलापुर को सीएचसी कसमंडा से पहले सड़क के पास से गिरफ्तार किया।
पुरानी रंजिश भी बनी विवाद की वजह
पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच पहले से रंजिश चली आ रही थी। वर्ष 2024 में धीरेंद्र के पुत्र शिवम की हत्या हुई थी, जिसमें मनोज के चाचा के परिवार के लोग जेल गए थे। वहीं, वर्ष 2019 में मनोज के खिलाफ भी मारपीट का मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस इस पुरानी रंजिश को भी घटना की पृष्ठभूमि से जोड़कर देख रही है।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सिधौली वेद प्रकाश श्रीवास्तव के नेतृत्व में कमलापुर पुलिस ने कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं और एससी/एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी: शुभम सिंह पुत्र धीरेंद्र सिंह, धीरेंद्र कुमार सिंह पुत्र स्वर्गीय युगराम सिंह, कल्पना सिंह पत्नी धीरेंद्र सिंह और सुनीता सिंह पत्नी धर्मेंद्र सिंह, सभी निवासी ग्राम लोधौरा, थाना कमलापुर, सीतापुर।
पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक ईतुल चौधरी, उपनिरीक्षक रामविशाल, कांस्टेबल रविन्द्र, निकित कुमार, अजेन्द्र कुमार, रिजर्व आरक्षी शशिकांत, महिला आरक्षी साधना सिंह और रश्मि शामिल रहीं।