सीतापुर। जनपद में अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को पुलिस ने पांच थानों की कार्रवाई में कुल 11 वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर संबंधित क्षेत्राधिकारियों के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, थाना लहरपुर पुलिस ने मुकदमा संख्या 373/2026 में वांछित सतीश कुमार पुत्र रामखेलावन निवासी चनवापुरवा मजरा किशुनपुर को गिरफ्तार किया। वहीं, थाना पिसावां पुलिस ने मुकदमा संख्या 437/2026 से संबंधित नीरज और सूरज पुत्रगण छोटे सिंह निवासी प्रेमपुर को गिरफ्तार किया।
इसी क्रम में थाना कमलापुर पुलिस ने मुकदमा संख्या 239/2026 में वांछित प्रदीप उर्फ सकटू पुत्र घनश्याम निवासी सुजौलिया को गिरफ्तार किया। नगर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा संख्या 312/2026 तथा पॉक्सो एक्ट से संबंधित मामले में वांछित प्रेम शंकर पांडेय पुत्र स्वर्गीय रामचंद्र पांडेय को गिरफ्तार किया। वह मूल रूप से ग्राम गुलहरिया, थाना शारदानगर, जनपद लखीमपुर खीरी का निवासी है और वर्तमान में मथुरा के वृंदावन क्षेत्र में रह रहा था।
वहीं, थाना इमलिया सुल्तानपुर पुलिस ने छह वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें खेतवापुर निवासी मुकेश और सुशील पुत्रगण जगदीश, हुसियापुर निवासी रामधार पुत्र खगेश्वर और रामसनेही पुत्र गंगाराम, ऐलिया निवासी कमलेश पुत्र केदारीलाल तथा देवरिया गाड़ीघाट निवासी कमलेश पुत्र चंद्रभाल शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, सभी गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की गई है।