मोबाइल दिखाने के बहाने बालिका को खेत में ले गया आरोपी, हत्या के मामले में पुलिस ने दबोचा
सीतापुर। मछरेहटा थाना क्षेत्र के ग्वाली पुरवा गांव में बालिका की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बालिका को मोबाइल दिखाने के बहाने गन्ने के खेत में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बालिका द्वारा घटना की जानकारी परिजनों को देने की बात कहने पर आरोपी ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, बीते 12 अक्टूबर 2026 को ग्वाली पुरवा गांव के पास गन्ने के खेत में एक नाबालिग बालिका का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। परिजनों ने बताया कि बालिका सुबह शौच के लिए घर से निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उसकी तलाश की गई, जिसके दौरान उसका शव गन्ने के खेत में मिला। मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर थाना मछरेहटा में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सीतापुर अंकुर अग्रवाल ने घटना का शीघ्र खुलासा करने और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी मिश्रिख विशाल गुप्ता के नेतृत्व में थाना मछरेहटा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को जांच में लगाया गया।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। ड्रोन कैमरों की मदद से जंगल और आसपास के क्षेत्र का सर्वेक्षण कराया गया तथा डॉग स्क्वाड की सहायता से सुराग तलाशे गए। इसके अलावा फॉरेंसिक एवं जैविक साक्ष्य जुटाकर वैज्ञानिक परीक्षण कराया गया। गांव और आसपास के इलाकों में तलाशी, ग्रामीणों से पूछताछ तथा तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर आरोपी की संलिप्तता सामने आई।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए जब्बर पुत्र मटरू, निवासी ग्राम ग्वाली पुरवा, थाना मछरेहटा, जनपद सीतापुर को कल्ली रोड स्थित परिक्रमा मोड़ पर सूरजपुर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध थाना मछरेहटा में मुकदमा अपराध संख्या 251/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 65(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5(m)/6 में कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार
इस मामले के खुलासे में थाना मछरेहटा के थानाध्यक्ष रजनीश कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक गजेन्द्र राम खरवार सहित पुलिसकर्मियों तथा एसओजी टीम के निरीक्षक अजय राय, उपनिरीक्षक अरविन्द शुक्ला और अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।