रामलीला देखने सीतापुर आया था किशोर, महोली पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने परिजनों को सौंपा
सीतापुर। महोली थाना पुलिस ने आरपीएफ टीम के सहयोग से गुमशुदा 15 वर्षीय बालक को 24 घंटे के भीतर सीतापुर रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बालक के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।
पुलिस के अनुसार, महोली थाना क्षेत्र के मां विकास नगर, चमारन टोला निवासी अंकित कुमार पुत्र सुशील कुमार मिश्रा ने शुक्रवार को थाने में सूचना दी कि उनका 15 वर्षीय पुत्र शिव मिश्रा 23 अक्टूबर की शाम करीब चार बजे घर से बिना बताए कहीं चला गया है। काफी तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। तहरीर के आधार पर महोली थाने में मुकदमा अपराध संख्या 425/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। बालक की तलाश के लिए उपनिरीक्षक राम आसरे चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरों की मदद और पतारसी-सुरागरसी के साथ आरपीएफ सीतापुर की सहायता से तलाश शुरू की। संयुक्त प्रयासों से बालक को सीतापुर रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया गया। पूछताछ में बालक ने बताया कि उसके माता-पिता ननिहाल मैंगलगंज गए हुए थे और वह घर पर अकेला था। इसी दौरान वह बिना बताए रामलीला देखने सीतापुर आ गया था। रामलीला देखने के बाद महोली लौटने के लिए वह रेलवे स्टेशन पर बैठा था।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर गुमशुदा बच्चों की शीघ्र बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में यह कार्रवाई की गई। अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी और क्षेत्राधिकारी महोली का निर्देशन रहा।
इनकी रही भूमिका: महोली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राम आसरे चौधरी, मुख्य आरक्षी जय प्रकाश बाजपेयी, आरक्षी अभिषेक तोमर और आरक्षी रवि कुमार शामिल रहे। वहीं, आरपीएफ सीतापुर की टीम में एसआईपीसी सुषमा, एएसआई मैनुद्दीन खान, मुख्य आरक्षी सौरभ दुबे और मुख्य आरक्षी अमर बहादुर सिंह ने सहयोग किया।