अर्टिगा कार में छिपाकर ले जा रहे थे गांजा, पुलिस ने 4.5 लाख रुपये कीमत का मादक पदार्थ किया बरामद
सीतापुर। जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामकोट पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 किलो 450 ग्राम अवैध गांजा, तस्करी में प्रयुक्त अर्टिगा कार और तीन एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 4.5 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक सीतापुर के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी नगर विनय कुमार यादव के पर्यवेक्षण में रामकोट पुलिस की टीम रविवार को गोकुल नगर सरैया तिराहे पर ग्राम प्रतापपुर के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अल्लीपुर अलीरजा की ओर से आ रही सफेद रंग की अर्टिगा कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार, चालक ने कार की गति बढ़ाकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
नियमानुसार तलाशी लेने पर कार की डिग्गी और तीसरी सीट पर रखी दो प्लास्टिक की बोरियों से कुल 30 किलो 450 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से कार सवार तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमलेश यादव पुत्र जगतराम यादव और लालाराम यादव पुत्र स्वर्गीय रामपदारथ यादव, निवासी ग्राम माधवपुर, थाना फखरपुर, जिला बहराइच तथा लवलेश मिश्रा पुत्र शिवकुमार मिश्रा, निवासी भगवानपुर चौराहा, थाना हरदी, जिला बहराइच के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, कमलेश यादव कार का स्वामी और चालक है।
हरदोई की ओर ले जा रहे थे गांजा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने गांजे को कार में छिपाकर हरदोई की ओर बेचने के लिए ले जाने की बात बताई। पुलिस ने गांजे के अलावा तस्करी में इस्तेमाल की गई अर्टिगा कार और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। मामले में थाना रामकोट पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विनोद कुमार गौतम, उपनिरीक्षक राजेश कुमार राय, कांस्टेबल शुभम तोमर, अश्वनी ढाका, रोबिन सिंह, नितिन कुमार और सनी शामिल रहे।