मेले आपसी सौहार्द और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने में निभाते हैं अहम भूमिका : निर्मल वर्मा
सीतापुर। नगर पालिका परिषद बिसवां के तत्वावधान में आयोजित रामलीला मेले का शनिवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। क्षेत्रीय विधायक निर्मल वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मेले हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने के साथ ही आपसी सौहार्द और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विधायक निर्मल वर्मा ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, मर्यादा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देता है। उनके आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। सभी को भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर उनके बताए मार्ग पर चलने का प्रयास करना चाहिए।
मेले के शुभारंभ से पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पुष्पू जायसवाल के नेतृत्व में नगर पालिका अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विधिवत हवन-पूजन किया। हवन-पूजन का कार्यक्रम अरविंद त्रिपाठी द्वारा संपन्न कराया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि विधायक निर्मल वर्मा ने फीता काटकर मेले का औपचारिक शुभारंभ किया।
नगर पालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी (ईओ) नीलम चौधरी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि रामलीला मेला 18 अक्टूबर से 27 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। मेले में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ आकर्षक प्रस्तुतियां आयोजित होंगी, जिनका नगरवासियों को लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर अवर अभियंता जलकर संजीव पांडेय, अवर अभियंता निर्माण राजेश पाल, सौरभ शुक्ला, आशीष श्रीवास्तव, आशीष सिंह सहित बड़ी संख्या में सभासद, नगर के संभ्रांत नागरिक तथा नगर पालिका परिषद के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।