मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से छात्राओं को जोड़ने की पहल, साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूक
सीतापुर। मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत गुरुवार को खैराबाद थाना क्षेत्र स्थित दीनदयाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्राओं के लिए कैरियर गाइडेंस एवं साइबर सुरक्षा कार्यशाला का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मार्गदर्शन देने के साथ साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की जानकारी दी गई। इसके तहत UPSC, UPPSC, UPSSSC, SSC, बैंकिंग, NDA, CDS, JEE और NEET सहित विभिन्न प्रतियोगी एवं प्रवेश परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग और मार्गदर्शन के बारे में बताया गया। साथ ही परीक्षा की तैयारी, पात्रता, पंजीकरण प्रक्रिया और कैरियर के अवसरों की जानकारी दी गई।
कार्यशाला के दौरान छात्राओं को साइबर ठगी, ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के खतरों और इंटरनेट के सुरक्षित इस्तेमाल के प्रति जागरूक किया गया। उत्तर प्रदेश पुलिस के आधिकारिक यूट्यूब चैनल एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित साइबर जागरूकता कार्यशाला को जनपद के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में भी दिखाया गया। इसके अतिरिक्त मिशन शक्ति केंद्र की पुलिस टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों के शिक्षण संस्थानों में जागरूकता अभियान चलाया।
इस अवसर पर महिला थानाध्यक्ष मधु यादव सहित मिशन शक्ति केंद्र की पुलिस टीम मौजूद रही। पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं सशक्तीकरण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।