सीतापुर । महोली थाना पुलिस ने रविवार रात चेकिंग के दौरान एक युवक को चोरी की मोटरसाइकिल और अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने रोकने का इशारा करने पर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके से पकड़ लिया। उसके कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक, 25 अक्टूबर की रात उपनिरीक्षक रामआसरे चौधरी हमराही पुलिसकर्मियों के साथ कैम्बा मोड़ पर रात्रि गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बरसोहिया की ओर से हाईवे पर उल्टी दिशा में एक मोटरसाइकिल सवार आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह घबराकर सर्विस रोड पर गिर पड़ा। पुलिस टीम के पास पहुंचने पर उसने कथित तौर पर पुलिस बल पर फायर कर दिया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवेन्द्र शुक्ला पुत्र राघवेन्द्र शुक्ला, निवासी ग्राम देवरिया, थाना महोली, जनपद सीतापुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, बरामद मोटरसाइकिल के इंजन और चेचिस नंबर खुर्द-बुर्द किए गए थे। यह बाइक करीब एक माह पहले रामकोट क्षेत्र से चोरी की गई थी।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मु0अ0सं0 430/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 317(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रामआसरे चौधरी, हेड कांस्टेबल जयप्रकाश बाजपेयी, कांस्टेबल अभिषेक तोमर, रवि कुमार और रवि यादव शामिल रहे।