निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा व्यवस्था सख्त, चप्पे-चप्पे पर निगरानी
सीतापुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के मतदान के दृष्टिगत शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने संयुक्त रूप से विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) और म्युनिसिपल इंटर कॉलेज सहित थाना खैराबाद, लहरपुर, तंबौर एवं हरगांव क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश
निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती और निगरानी के इंतजामों का जायजा लिया गया। मतदान केंद्रों में प्रवेश करने वाले लोगों की चेकिंग एवं फ्रिस्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। महिला मतदाताओं की जांच के लिए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं, संवेदनशील स्थानों और मतदान केंद्रों के प्रवेश द्वारों पर सीसीटीवी कैमरों तथा ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है।
किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए रिजर्व पुलिस बल और त्वरित कार्य दल (क्यूआरटी) को अलर्ट रखा गया है। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों एवं अन्य संबंधित कर्मचारियों को सतर्कता बरतने और निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
प्रशासन की ओर से मतदाताओं से निर्वाचन संबंधी नियमों का पालन करने और शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की गई। मतदान की गोपनीयता बनाए रखने के लिए मतदान कक्ष के भीतर मोबाइल फोन सहित प्रतिबंधित वस्तुएं ले जाने पर रोक के निर्देश दिए गए। साथ ही चेतावनी दी गई कि निर्वाचन प्रक्रिया में बाधा डालने या शांति व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।