सीतापुर। मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत महिला एवं बालिका संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सीतापुर पुलिस ने रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र में बालिका से दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, रविवार को रायसेनपुर-नहरवल मार्ग पर कृष्णानगर मोड़ तिराहे के पास हुई मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर घटना के अनावरण और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना रामपुर मथुरा पुलिस तथा एसओजी की टीमें गठित की गई थीं। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद कपूर कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीमें आरोपी की तलाश में जुटी थीं।
पुलिस के मुताबिक, रविवार 18 अक्टूबर को सटीक सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने रायसेनपुर-नहरवल मार्ग स्थित कृष्णानगर मोड़ तिराहे के पास घेराबंदी की। इसी दौरान पुलिस को देखकर आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुलायम सिंह पुत्र हरिनाम निवासी ग्राम बगिया मंझारी, थाना मोहम्मदपुर खाला, जनपद बाराबंकी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, तमंचे के चेंबर से एक मिस कारतूस, काले-नीले रंग की हीरो होंडा मोटरसाइकिल और ओप्पो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल बरामद करने की जानकारी दी है।
पुलिस के अनुसार, बालिका को बहला-फुसलाकर दुष्कर्म किए जाने के मामले में थाना रामपुर मथुरा में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मुलायम सिंह का नाम प्रकाश में आया। इस मामले में मु0अ0सं0 247/26 के तहत बीएनएस की धारा 87, 137(2), 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4(2) में मुकदमा दर्ज है। वहीं, पुलिस मुठभेड़ के संबंध में मु0अ0सं0 251/26 के तहत बीएनएस की धारा 109 और आयुध अधिनियम की धारा 3/25/27 में भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
कार्रवाई में थाना रामपुर मथुरा के प्रभारी निरीक्षक मुकेश वर्मा सहित पुलिस टीम और एसओजी के निरीक्षक अजय राय के नेतृत्व वाली टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि महिला एवं बालिका संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।