मानपुर पुलिस ने भारी मात्रा में पटाखे किए बरामद, विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
सीतापुर। त्योहारों के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मानपुर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए हैं। मामले में विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सीतापुर अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर त्योहारों को देखते हुए सघन चेकिंग और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बिसवां हर्षित चौहान के नेतृत्व में थाना मानपुर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए जिब्राइल पुत्र स्वर्गीय इस्माईल, निवासी ग्राम मास्टरबाग, थाना कमलापुर, जनपद सीतापुर को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फुलझड़ी, अनार, सुतली बम, रॉकेट, चरखी, पटाखा चटाई, ग्रीन क्रेकर, सिल्वर रेन टॉर्च, छोटे बम और बच्चों के पटाखों समेत विभिन्न प्रकार की आतिशबाजी बरामद की। बरामद सामग्री में अलग-अलग किस्मों के पैकेट और डिब्बे शामिल हैं।
इस संबंध में थाना मानपुर में मुकदमा अपराध संख्या 205/26 के तहत विस्फोटक अधिनियम की धारा 5/9ख(1) में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रामवृक्ष यादव, मुख्य आरक्षी शिवशंकर, मुख्य आरक्षी राममोहन और मुख्य आरक्षी महेंद्र कुमार शामिल रहे।