सशक्त नारी, सुरक्षित समाज—पारिवारिक विवादों के समाधान और निःशुल्क कानूनी सहायता पर दिया जोर
सीतापुर। मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के अंतर्गत रविवार को थाना खैराबाद क्षेत्र स्थित भूमिजा हॉल में महिला सुरक्षा, संरक्षण एवं सशक्तीकरण को लेकर विशेष विधिक प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा पारिवारिक विवादों के समाधान के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं, छात्राओं और महिला पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत पुलिस अधीक्षक सीतापुर अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय सीतापुर मंजुला सरकार रहीं। विशिष्ट अतिथियों में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आलोक यादव, अपर प्रधान न्यायाधीश आभा पाल, लखनऊ के नूर मंजिल मनोवैज्ञानिक सहायता केंद्र से अंजलि गुप्ता तथा आली प्रवक्ता शामिल रहीं।
कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) और लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम (एलएडीसीएस) के माध्यम से मिलने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को न्याय प्राप्त करने में आर्थिक कठिनाइयों के कारण परेशानी न हो, इसके लिए निःशुल्क विधिक सहायता की व्यवस्था उपलब्ध है। पात्र व्यक्तियों को कानूनी प्रक्रिया के विभिन्न चरणों में सहायता प्राप्त करने के लिए संबंधित विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करने के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान पारिवारिक मूल्यों के संरक्षण और छोटे-छोटे विवादों के कारण टूटते परिवारों पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि आपसी संवाद, सामंजस्य और उचित परामर्श के माध्यम से पारिवारिक विवादों को सुलझाने का प्रयास किया जाना चाहिए। परिवार की मजबूती समाज के विकास की आधारशिला है। इसलिए विवादों को बढ़ाने के बजाय उनके समाधान के लिए संवाद और विधिक परामर्श का सहारा लेना चाहिए।
प्रशिक्षण सत्र में महिला पुलिसकर्मियों को भी महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों, पीड़ित महिलाओं के अधिकारों और उन्हें उपलब्ध विधिक सहायता के बारे में जानकारी दी गई। इसका उद्देश्य थानों पर आने वाली पीड़ित महिलाओं को सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराना और जरूरत पड़ने पर उन्हें संबंधित विधिक सेवा संस्थाओं से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं, छात्राओं और सराहनीय सेवा देने वाली महिला पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर विनय यादव, क्षेत्राधिकारी सदर नेहा त्रिपाठी, महिला थानाध्यक्ष मधु यादव, महिला शक्ति केंद्र (एमएसके) की टीम तथा जनपद के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।