साइबर अपराधों से बचाव और महिला हेल्पलाइन की दी जानकारी, सुरक्षा व सशक्तीकरण के प्रति किया जागरूक
सीतापुर। मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत मंगलवार को थाना बिसवां परिसर में जागरूकता एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी बिसवां हर्षित चौहान की मौजूदगी में मेधावी छात्राओं, शिक्षिकाओं और समाज में विशिष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, बिसवां की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की टॉपर छात्राओं और शिक्षिकाओं के साथ दिव्यांग आंगनबाड़ी कार्यकत्री चंदनपुर तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिसवां की नर्स को उनके सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। पोस्टर, बैनर और स्लोगन के माध्यम से महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं सशक्तीकरण का संदेश दिया गया।
इस दौरान छात्राओं और महिलाओं को फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, एआई एवं डीपफेक, साइबर बुलिंग, सेक्सटॉर्शन, ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग तथा निजी जानकारी और लोकेशन साझा करने से होने वाले खतरों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही महिला हेल्पलाइन 1090, 181, आपातकालीन पुलिस सहायता 112 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 की जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर इनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक बिसवां सहित थाना पुलिसकर्मी, स्थानीय गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में छात्राएं एवं महिलाएं मौजूद रहीं। सीतापुर पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तीकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।